चौपाल (रोहड़ू) । कुपवी की कोठी आहनोग (मालत) पंचायत के दोछी गांव निवासी 35 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र मंगत राम का शव घर से एक किलोमीटर दूर घासनी में शुक्रवार को मिला। वह एक सप्ताह से लापता था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस थाना कुपवी में दी थी। परिजनों ने बताया कि वह को रात के समय घर से बिना बतलाए कहीं चला गया था। कुपवी पुलिस ने लापता दिनेश कुमार की तलाश की और फोन की लोकेशन से खोज की, लेकिन सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को दोछी (कोठी) गांव की महिला ने गांव से एक किलोमीटर दूर घासनी में मृत व्यक्ति का शव देखा। इसके बाद इसकी सूचना महिला ने गांव के लोगों को दी। गांव वाले और परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक व्यक्ति की दिनेश कुमार के रूप में पहचान की। जानकारी के अनुसार, दिनेश कुमार की मानसिक स्थिति भी काफी समय से सही नहीं थी । डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।