बागीपुल-जाओं सड़क पर हुआ भूस्खलन। संवाद
बच्चों को स्कूल जाने, किसानों को सब्जियां मंडी तक पहुंचाने में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। बागीपुल-जाओं सड़क तीन दिनों से बंद है। लोक निर्माण विभाग निरमंड ने सड़क बहाली का काम रोक दिया है। विभाग ने तर्क दिया है कि मशीन चलाने के लिए डीजल या तेल उपलब्ध नहीं है।
यह सड़क बागीपुल से जाओं तक के दर्जनों गांवों के लिए जीवनरेखा है। सड़क बंद होने से इन गांवों का संपर्क बागीपुल निरमंड से कट गया है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल जाने और किसानों को अपनी सब्जियां मंडी तक पहुंचाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। लोगों ने विभाग से सड़क खोलने की गुहार लगाई थी। हालांकि, विभाग का जवाब था कि मशीन के लिए तेल नहीं है। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही से उन्हें परेशानी हो रही है। सड़क बंद होने से रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को पैदल कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। फल का मौसम जल्द शुरू होने वाला है। ऐसे में सड़क न खुलने से बागवानों को भारी नुकसान होने का डर है। यह सड़क क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क की बहाली में देरी से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
लोक निर्माण विभाग निरमंड के सहायक अभियंता राकेश नेगी ने बताया कि सड़क खोलने के लिए तेल भेज दिया गया है। जल्द ही सड़क मार्ग को खोल दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।