देवता ढरोपू के गुरों ने एसडीएम निरमंड को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की उठाई मांग। स्रोत : जागर
-बोले-देव परंपराओं, रीति-रिवाजों और जनभावनाओं की हो रही अनदेखी
-एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर(कुल्लू)।
निरमंड क्षेत्र के आराध्य देवता भूतेश्वर महादेव चंभू ढरोपा के गूरों ने मंदिर कमेटी पर मनमर्जी करने का आरोप लगाया है। ढरोपू देवता के गूर शंकर और पदम ने निरमंड के एसडीएम मनमोहन सिंह को ज्ञापन सौंपकर मंदिर कमेटी के कार्यों की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई है।भूतेश्वर महादेव चंभू ढरोपा देवता के गूरों ने मंदिर कमेटी के कार्यों और मनमानी को लेकर सवाल उठाए हैं। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में देवता के गूरों ने कहा कि देव परंपराओं, रीति-रिवाजों और जन भावनाओं की अनदेखी कर मंदिर कमेटी एकतरफा फैसले ले रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि मंदिर कमेटी के कार्यों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और देवता की परंपराओं के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गूरों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने और भविष्य में इस प्रकार की मनमानी पर रोक लगाने की अपील की है। वहीं, एसडीएम मनमोहन सिंह ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दो दिनों भीतर कारदार अंबिका माता मंदिर कमेटी और ढरोपू देवता मंदिर कमेटी के कारदार से लिखित जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई करने की बात कही है।