देवरी-खनेटी में आयोजित जिला स्तरीय रिहाली मेले में भी भाग लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहडू/कोटखाई।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर बुधवार को कोटखाई दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली हरिजन बस्ती धार-शरघाल संपर्क सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने इस दौरान देवरी-खनेटी में आयोजित जिला स्तरीय रिहाली मेले में भी भाग लिया और कई विकास परियोजनाओं की घोषणाएं कीं। इस दौरान मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कोटखाई में 550 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। लगभग 1500 मीटर लंबे इस संपर्क मार्ग से क्षेत्र के लोगों को सड़क सुविधा मिलेगी। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। रिहाली मेले में उन्होंने माता देवी नंदन के मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मेले को क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। मंत्री ने युवाओं से लोक संस्कृति से जुड़े रहने और ऐसे आयोजनों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति, मेला समिति और स्थानीय क्लब को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
वॉलीबाल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी किए सम्मानित
वॉलीबाल प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने हाई मास्ट लाइट के लिए चार लाख रुपये और मेला समिति व स्थानीय क्लब को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी-खनेटी के नए भवन के निर्माण के लिए 40 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। 1.82 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी-खनेटी जनता को समर्पित किया जा चुका है। क्षेत्र के लिए केंद्रीय विद्यालय, सब जज कोर्ट, पशु चिकित्सालय और आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त, 182 नई सड़कों को भी स्वीकृति मिली है, जो विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। शिक्षा मंत्री ने सेब सीजन को देखते हुए संबंधित विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त कोटखाई-खनेटी-देवरीघाट-जाशला सड़क की शीघ्र मरम्मत करने को कहा। यह कदम सेब उत्पादकों और स्थानीय निवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क की मरम्मत से परिवहन सुगम होगा और किसानों को लाभ मिलेगा।
देवरी खनेटी के रिहाली मेले में खिला़ड़ियों से मुलाकात करते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। संवाद
देवरी खनेटी के रिहाली मेले में खिला़ड़ियों से मुलाकात करते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। संवाद