कुमारसैन की मलेंडी पंचायत में बीडीसी अध्यक्ष नवीन पाल काल्टा का हुआ भव्य स्वागत। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। विकास खंड नारकंडा की मलेंडी पंचायत में रविवार को बीडीसी अध्यक्ष नवीन पाल काल्टा के स्वागत में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने काल्टा का स्वागत किया और उन्हें अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नवीन पाल के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखा। इस दौरान बीडीसी अध्यक्ष नवीन पाल काल्टा ने कहा कि सभी पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य होंगे। काल्टा ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और जल्द समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, रास्तों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया। नवीन पाल ने अपने स्वागत के लिए पंचायत में एकत्रित हुए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसपर वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पंचायत प्रधान अश्वनी कंवर ने कहा कि नवीन पाल को बीडीसी अध्यक्ष की कमान मिलने से क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से बीडीसी स्तर पर उठाए जाने वाले सभी विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा। इस मौके पर पंचायत उपप्रधान रमेश वर्मा, वार्ड सदस्य रीना बाली सहित ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में भाग लिया।