सडक़ सुरक्षा माह को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा। स्रो
उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। उपायुक्त सभागार रिकांगपिओ में बुधवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत बैठक हुई। अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने कहा कि जनवरी में किन्नौर जिले में शून्य सड़क दुर्घटना का लक्ष्य रखा है। इसके लिए जिले के चिह्नित ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएं और साइन बोर्ड लगाए जाएं। इस दौरान ब्लैक स्पॉट पर पुलिस और होमगार्ड के जवानों की तैनाती करने का निर्णय भी लिया। इसके अलावा लोगों को यातायात नियमों पर जागरूक किया जाएगा और नियमों का कढ़ाई से पालन करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), निजी बसों, ट्रक और टैक्सी चालकों के लिए निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाए जाएंगे। यातायात नियमों से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की जाएगी। डॉ. अमित कुमार शर्मा ने स्थानीय पंचायत जन प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे लोगों को यातायात नियमों पर जागरूक करें। साथ ही शराब पीकर गाड़ी चलाने के दुष्प्रभाव बताएं। स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशील स्थानों के समीप रोगी वाहनों की तैनाती करने को कहा, ताकि आपातकालीन स्थिति में समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को सर्दी के मौसम में सड़क को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा डॉ. कुलदीप सिंह डोगरा, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण कुमार गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।