आनी (कुल्लू)। पुलिस ने बीते दिनों उपमंडल के श्वाड गांव से चोरी हुए देवदार के 54 स्लीपर बरामद कर लिए हैं। स्लीपर चोरी के मामले में पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि उपमंडल के तहत गांव श्वाड निवासी गोकुल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 14 अप्रैल की रात को उसके फर्नीचर हाउस के बाहर रखे हुए देवदार के 54 स्लीपर चोरी हो गए हैं, जिस पर पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए सड़क के किनारे लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
इस सारी जांच प्रक्रिया में पुलिस ने नगाली कैंची के पास किराए की दुकान से चोरी किए गए देवदार के 54 स्लीपर बरामद किए। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने तेजराम, पुत्र टीकम राम, निवासी गांव पारलीधार, डाकघर कमांद और हेमंत उर्फ गोलू, पुत्र अमर सिंह, निवासी गांव चलोहन, डाकघर कमांद, तहसील आनी, जिला कुल्लू के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद