न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। कोटखाई के थरौंक के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की। उन्होंने तुर्किये के सेब आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। साथ ही इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की मांग रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की जायज मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने सेब बागवानों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से यूनिवर्सल कार्टन और वजन के आधार पर सेब का क्रय-विक्रय निर्धारित करने पर आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए कोकू नाला से घरोक के लिए संपर्क सड़क और कचनाला से घरोक के लिए पेयजल योजना के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को कोटखाई आने का निमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी और विवेक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर भी उपस्थित रहे।