चौपाल (रोहड़ू)। हिमाचल किसान सभा और हिमाचल सेब उत्पादक संघ ने कब्जे की जमीन से बेदखली, तालाबंदी के खिलाफ और वन अधिकार कानून 2006 को लागू करने की मांग को लेकर किसानों ने चौपाल बाजार में रोष रैली निकाली। एसडीएम कार्यालय के बाहर भी जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसानों ने एसडीएम हेम चंद वर्मा के माध्यम से प्रदेश सरकार को मांग पत्र भी भेजा। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों की बेदखल कर उनके जीने के अधिकार को छीन रही है। आज जिन परिवारों को बेदखल किया जा रहा है, वो बहुत ही गरीब और कम भूमि वाले परिवार हैं। सरकार गरीबों को निशाना बनाकर उनके मकानों को सील कर उन्हें बेघर करने का काम कर रही। पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि जमीन की बेदखली को सहन नहीं किया जाएगा। इस पर आम लोगों और गरीबों का हक है। राकेश सिंघा ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम के तहत आजीविका कमाने के लिए जिन लोगों ने वन भूमि पर कब्जा कर रखा है, उनके कब्जे तुरंत नियमित होने चाहिए। सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू होना चाहिए। संवाद