बम की धमकी के बाद रोहड़ू में सुरक्षा पर लोगों ने उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। एसडीएम कार्यालय और कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी के पोस्टर लगने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से बाहरी लोगों के सत्यापन और जगह-जगह सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के बढ़ते अतिक्रमण पर तुरंत कार्रवाई की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से रोहड़ू क्षेत्र में बिना पहचान पत्र और पुलिस सत्यापन के बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है। कई लोग किराये के मकानों और अस्थायी ठिकानों में रह रहे हैं। इनकी पुख्ता जानकारी भवन मालिकों के पास नहीं है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती खड़ी हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है। व्यापार मंडल के प्रधान जगमोहन भावटा ने कहा सड़क के किनारे बाहरी लोगों को अस्थायी वेंडर लगाने की अनुमति दी जा रही है, जबकि स्थानीय युवाओं और छोटे कारोबारियों की अनदेखी हो रही है। इससे स्थानीय रोजगार प्रभावित हो रहा है। सरकारी भूमि और लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर अतिक्रमण बढ़ने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रहा है। भीमेंद्र चौहान ने कहा कि कुछ लोगों ने बाहरी व्यक्तियों को वोटर सूची में शामिल किए जाने की आशंका भी जताई है और इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाहरी लोगों का अनिवार्य आईडी सत्यापन किया जाए, अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और वेंडरों के लिए निर्धारित स्थान तय किए जाएं। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापार में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा सभी भवन मालिकों को उनके किराएदारों की सूची बना कर प्रशासन पुलिस को सौंपने के सख्त निर्देश जारी किए जाए।