एडीएम कुल्लू से मिले नित्थर के जनप्रतिनिधि। स्रोत : जागरूक पाठक
नित्थर के जनप्रतिनिधियों ने एडीएम कुल्लू से की मुलाकात
जनहित के कार्यों में ग्राम पंचायत नित्थर कर रही है उत्कृष्ट कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर के जनप्रतिनिधियों ने एडीएम कुल्लू से मुलाकात की और उपतहसील की समस्याएं बताईं। उन्होंने एडीएम से जनहित और विकास के मुद्दों को उठाकर समाधान की मांग की है। पंचायत नित्थर के प्रधान प्रवीण कुमार, उपप्रधान कुकू ठाकुर और बीडीसी सदस्य सुरेंद्र पॉल ने वीरवार को एडीएम कुल्लू से मुलाकात की। उन्होंने दरारों का मुआवजा नित्थर पंचायत को देने की मांग रखी। मांग की है कि एसजेवीएन की परियोजना में ब्लास्टिंग से नित्थर पंचायत के अंतर्गत आने वाले घरों में आई दरारों का जल्द मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अभी तक देहरा पंचायत को दरारों का मुआवजा मिल चुका है, जबकि नित्थर पंचायत के प्रभावित इससे वंचित हैं। नित्थर के ऐतिहासिक 12 भादो मेले को खंड स्तरीय मेला घोषित किया जाए, क्योंकि यह नित्थर उप तहसील का काफी बड़ा मेला है, जहां आधा दर्जन से अधिक पंचायतों के लोग इस मेले को देखने आते हैं। साथ ही उन्होंने कुपरदड़ जगह को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए नई सड़क का निर्माण करने की मांग की। प्रधान ग्राम पंचायत नित्थर प्रवीण कुमार ने कहा की पंचायत की अन्य विकासात्मक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को भी लिखित रूप में एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर के समक्ष रखा गया है। उन्होंने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है। साथ ही उचित कार्रवाई और जल्द समाधान का भी आश्वासन दिया है।