रामपुर बुशहर। सेब बाहुल क्षेत्र पांडाधार चौक पर सेब भंडारण केंद्र (सीए स्टोर) और पुलिस चौकी खोलने की जनप्रतिनिधियों ने सरकार से मांग उठाई है। सीए स्टोर खुलने से जहां हजारों बागवानों को राहत मिलेगी, वहीं पुलिस चौकी खुलने से क्षेत्र में नशा, चोरी की वारदातों और शरारती तत्वों पर लगाम लगेगी।
मझोली-टिप्पर पंचायत के पूर्व प्रधान विजय कनैन, बड़ाच पंचायत प्रधान ललित भैक, थैली चकटी पंचायत प्रधान राजेंद्र चौहान, उपप्रधान रामलाल, पूर्व प्रधान रविंद्र और पूर्व प्रधान मस्तराम सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि रामपुर उपमंडल की नीरथ-चकटी-खनोग सड़क में पांडाधार चौक पर सेब भंडारण केंद्र और पुलिस चौकी खोली जाए। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की करीब 10 पंचायतों के हजारों किसान-बागवानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीए स्टोर और पुलिस चौकी खुलने से थैली-चकटी, कलेडा-मझेवटी, शोली, मझोली-टिप्पर, खमाडी, कुंगलबाल्टी, बड़ोग, देलठ, बड़ाच और कंरागला पंचायत के हजारों बाशिंदे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में करीब एक लाख सेब पेटियों का उत्पादन होता है।
विजय कनैन ने कहा कि यदि मझेवटी खड्ड पर पुल का निर्माण किया जाए तो देवनगर, बाहली और नरेण पंचायत को भी इसका लाभ मिलेगा। जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार से समय रहते सीए स्टोर और पुलिस चौकी खोलने की मांग उठाई है।