नित्थर (कुल्लू) l नित्थर उपतहसील की देहरा पंचायत को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है। कुल्लू के कार्यकारी उपायुक्त सुरजीत सिंह ने पंचायत देहरा की प्रधान अनीता ठाकुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया। प्रधान अनीता ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान पंचायत के जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित समस्त ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सभी ने मिलकर एक स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। देहरा पंचायत की यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। आने वाले समय में पंचायत के विकास कार्यों में बेहतरीन योगदान देने की हर संभव कोशिश की जाएगी।