रामपुर बुशहर। रामपुर उमंडल के तहत रचोली के नजदीक डंसा में जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता अचानक पैर फिसलने से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कनिष्ठ अभियंता को खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जलशक्ति विभाग डंसा में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता राजेंद्र कुमार (57) पुत्र केवल राम शर्मा निवासी थैलीचकटी तहसील रामपुर शुक्रवार को रचोली के पास अचानक पैर फिसलने से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद कनिष्ठ अभियंता को उनके रिश्तेदारों ने महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उधर, थाना प्रभारी रामपुर देशराज गुलेरिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।