भावानगर (किन्नौर)। जिले के निचार और यांगपा में दो कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं। जिले में एक बार फिर लगातार कोरोना पॉजिटिव सामने आने से भावावैली के लोगों को चिंता में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि 75 साल का बुजुर्ग यांगपा निवासी पहले से ही कंटेनमेंट जोन में था। जबकि, एक महिला (75) निवासी निचार अपने घर में होम क्वारंटीन थी जो कोरोना पॉजिटिव निकली है। यांगपा फर्स्ट में कोरोना पॉजिटिव मामले आने के बाद बुजुर्ग महिला को होम क्वारंटीन किया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों का बुधवार को सैंपल लिया और शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. सोनम नेगी बताया कि दो अगस्त को यांगपा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए एक पुरुष और महिला के संपर्क में आने पर कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। दोनों में से एक यांगपा निवासी बुजुर्ग कंटेनमेंट जोन में था जबकि निचार की महिला ओर अपने घर में ही होम क्वारंटीन थी। उधर, एसडीएम भावानगर मनमोहन सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने के बाद प्रशासन की टीम को मौके पर निचार में भेज दिया है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कहा कि सतर्क रहें, अभी खतरा टला नहीं है।