संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। लुतुक्सा में हुए सड़क हादसे में ढांक में फंसे शव को पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकालने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने भावानगर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक बीते शनिवार शाम को डेड सुंगरा से अपने दोस्त की कार में सवार होकर मनोज कुमार (32) निवासी गांव बारो, तहसील निचार, जिला किन्नौर गांव की ओर जा रहा था लेकिन वह रात को घर नहीं पहुंचा। युवक के परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच सोमवार को भेड़पालक हरीश नेगी निवासी प्लींगी ने लुतुक्सा में सतलुज के किनारे हादसाग्रस्त कार को देखा। उसने इसकी सूचना सुंगरा पंचायत के प्रधान राकेश नेगी को दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस थाना भावानगर से थाना प्रभारी जगदीश ठाकुर और एएसआई रामसेन की अगुवाई में दल मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू की। पुलिस और ग्रामीण जब दुर्घटनाग्रस्त कार के पास पहुंचे तो वहां युवक का कोई सुराग नहीं मिला।आसपास जांच करने पर पता चला कि युवक का शव सड़क से 200 मीटर नीचे ढांक में फंसा हुआ है। इसके बाद अग्निशमन केंद्र, सुंगरा, पौंडा और तरांडा पंचायत के ग्रामीणों ने तीन घंटे तक चला गए अभियान में ढांक में फंसे शव को निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भावानगर अस्पताल पहुंचाया। यहां युवक का पोस्टमार्टम कर मृतक के बड़े भाई दिनेश को सौंप दिया गया है। घटनास्थल का जायजा लेने एसडीएम भावानगर विमला वर्मा भी पहुंची। उन्होंने प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 25,000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी भावानगर नरेश शर्मा ने बताया कि कार हादसे में युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।