डीएवी काॅलेज कोटखाई में यूनियन बजट 2024-25 पर व्याख्यान का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई(रोहड़ू)। डीएवी महाविद्यालय कोटखाई की एनएसएस इकाई ने वीरवार को यूनियन बजट 2024-25 पर व्याख्यान का आयोजन किया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में सह आचार्य वाणिज्य विभाग डॉ. जोगिंद्र दुल्टा उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को डायरेक्ट और इन डायरेक्ट टैक्स के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बजट 2024-25 विकसित भारत का थीम लेकर बनाया गया है, जो रोजगार, कौशल, एमएसएमई और मध्यम वर्ग पर केंद्रित रहा। इस बजट में सबके लिए पर्याप्त अवसर पैदा करने के लिए नौ प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। कृषि में उत्पादकता और लचीलापन, रोजगार एवं कौशल, समावेशी मानव संसाधन विकास और सामाजिक न्याय, विनिर्माण और सेवाएं, शहरी विकास, ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, नवाचार अनुसंधान एवं विकास और अगली पीढ़ी के सुधार आदि के विषय में बताया। अंतरिम बजट में गरीब, महिलाओं, युवा तथा अन्नदाता पर विशेष ध्यान रखा गया है। अंत में कॉलेज की छात्रा सिमरन ने बजट पर व्याख्यान के लिए आभार व्यक्त किया।