डीपीएस स्कूल झाकड़ी में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम पेश करते छात्र छात्राएं। संवाद
डीपीएस स्कूल में विद्यार्थियों ने दिखाए प्रतिभा के जौहर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दिल्ली पब्लिक स्कूल झाकड़ी में देशभक्ति विषय पर कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग के लिए अंतर सदन नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रत्येक सदन ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जूनियर्स की ओर से कोरियोग्राफ किए नृत्यों में देशभक्ति को दर्शाया गया। इसमें पारंपरिक और समकालीन शैलियों के सुंदर मिश्रण के माध्यम से देश के इतिहास में असंख्य वीरता की गाथा को चित्रित किया। कार्यक्रम में झाकड़ी परियोजना प्रमुख मनोज कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने मंच पर एक गीत प्रस्तुत किया। स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने सभी को बधाई दी और परिणाम घोषित किए। कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में यमुना सदन ने बाजी मारी। कनिष्ठ वर्ग में रावी सदन और वरिष्ठ वर्ग में ब्यास सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग में ब्यास सदन और वरिष्ठ वर्ग में रावी सदन ने तीसरा स्थान झटका। इस मौके पर अनामिका मनोज और राजेश गुप्ता सहित कई अन्य मौजूद रहे।
डीपीएस स्कूल झाकड़ी में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम पेश करते छात्र छात्राएं। संवाद