चुनावी मुद्दा : सड़क भी तंग, खतरे के साये में स्कूली बच्चों और लोगों की आवाजाही
करीब तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त रेलिंग की आज दिन तक नहीं ली सुध
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। नगर पंचायत जुब्बल के अंतर्गत कोटखाई में स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क के किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग करीब तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त है। आज तक नगर पंचायत ने इसकी मरम्मत नहीं करवाई। रेलिंग टूटने के कारण यहां से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों को हर समय खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क काफी तंग है और यहां वाहनों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों को सड़क से नीचे गिरने का डर बना रहता है। विशेषकर, स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थान बेहद जोखिमभरा बन चुका है। स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज करवाने पहुंचते हैं, जिससे यहां लोगों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। पहले इस स्थान पर सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी हुई थी, लेकिन करीब दो–तीन वर्ष पहले वह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद आज तक उसे दोबारा नहीं लगाया गया।स्थानीय निवासी दलीप चौहान ने कहा कि किसी बड़े हादसे से पहले यहां नई रेलिंग लगाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। निरंजन चौहान ने कहा कि रेलिंग करीब तीन वर्ष पहले क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन आज तक उसे ठीक नहीं किया गया। अंकित ने बताया कि इस स्थान पर सुरक्षा रेलिंग लगाना आवश्यक है, जो रेलिंग लगी थी। वह क्षतिग्रस्त हुई है। यहां लोगों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है।