दलाश के ओलवा गांव के वंश का राष्ट्रीय वॉलीबाल टीम के लिए हुआ चयन। संवाद
चीन में अंडर-18 वॉलीबाल विश्व चैंपियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। तलूणा पंचायत के ओलवा के वंश शर्मा का भारतीय वॉलीबाल टीम में चयन हुआ है। वंश 1 जुलाई से 11 जुलाई तक चीन के शांगलू में होने वाली आईएसएफ अंडर-18 वॉलीबाल विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। वर्तमान में भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर नागपुर में चल रहा है, जो 29 जून तक जारी रहेगा। वंश शर्मा, पुत्र विनेश शर्मा ने स्पोर्ट्स हॉस्टल मतियाना में दो साल वॉलीबाल की बारीकियां सीखीं। यहां कोच दविंद्र चंदेल ने वंश को प्रशिक्षण दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर वंश अंडर-17 में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। वहीं, प्रदेश के शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों की खेल उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि हिमाचल के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने वंश शर्मा को विश्व चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. अमरजीत सिंह, हिमाचल प्रदेश खेल विभाग के निदेशक संतोष चौहान और टेक्निकल ऑफिसर सुरेंद्र शर्मा ने भी विश्वास जताया कि वंश विश्व चैंपियनशिप में अपनी टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। हिमाचल से वंश शर्मा समेत तीन खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है।