निरमंड (कुल्लू)। निरमंड उपमंडल के ब्रौ थाना में शिक्षक दंपती और उनकी बेटी पर किन्नौर की दो लड़कियों के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के बाद क्रॉस एफआईआर की है। दंपती शिक्षक रामेश्वरी देवी, उनके पति जगदीश चंद और बेटी प्रकृति पर किन्नौर की मुस्कान और पूजा ने 15 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे बेरहमी से पिटाई के आरोप लगाए हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें मां-बेटी व पिता लड़कियों को लात-घूसों से मारते हुए और गालीगलौज करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले रामेश्वरी देवी ने भी थाना ब्रौ में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शराब के नशे में धुत मुस्कान, पूजा और अंशू ने उनकी गाड़ी रोकी, पति की शर्ट फाड़ दी और उपद्रव मचाया। इस आधार पर पुलिस ने तीनों युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। इसके बाद पीड़ित युवतियों ने शराब पीने की गलती स्वीकार की और पुलिस व शिक्षक दंपति की मारपीट पर सवाल उठाए। 18 सितंबर को मुस्कान और पूजा ने ब्रौ थाना में दंपती शिक्षक और उनकी बेटी पर जातिगत अपमान, महिला अधिकारों के उल्लंघन और बेरहमी से पिटाई करने की शिकायत दर्ज करवाई है। युवतियों ने पुलिसकर्मियों पर भी बेल्ट और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पास वीडियो सबूत मौजूद है।डीएसपी चंद्रशेखर ने बताया कि शिकायत के आधार पर दंपती टीचर और उनकी बेटी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।