देहना गांव के चेओलि नाला में शव बरामद
पुलिस को हत्या का अंदेशा, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूरज के मुंह से खून निकला होने से बढ़ी हत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग उपमंडल के चियोग क्षेत्र के देहना गांव के नजदीक मंगलवार सुबह पुलिस ने नेपाली का शव बरामद किया है। घटना की सूचना पुलिस को मंगलवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा। पुलिस अधिकारी के अनुसार अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जानकारी के अनुसार ठियोग के साथ लगते चियोग के देहना गांव के चेओलि नाला में एक नेपाली युवक का शव मिला है। युवक की पहचान सूरज (35 ) निवासी नेपाली के रूप में हुई है। युवक के शरीर में किसी प्रकार को कोई चोट का निशान नहीं मिला है, लेकिन उसके मुंह से खून निकला हुआ था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नेपाली युवक चियोग गांव में मजदूरी का काम करता था। गांव से रविवार को अचानक गायब हुआ और तलाश करने के बाद उसका शव पुलिस को मिला।
इस संबंध में डीएसपी रामलाल बंसल ने बताया कि पुलिस को सोमवार की सुबह नाला में नेपाली का शव मिला है, पुलिस ने शव का पोस्ट र्माटम करके परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।