अमर उजाला ब्यूरो
जुब्बल।
पुलिस ने शुक्रवार रात गश्त के दौरान दो युवकों से नशीली दवाइयों की खेप पकड़ी। युवकों के खिलाफ प्रतिबंधित मादक पदार्थ बेचने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात एसआई कृष्ण चंद पुलिस की टीम डकैड सड़क पर गश्त पर निकले थे। करीब साढे़ बारह बजे रात पुलिस को सड़क पर दो युवक मिले। युवकों से पुलिस ने जब तलाशी ली तो उनके कब्जे से 162 बोतलें प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुई। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान विक्रांत गांव धराई और मनोज कुमार नेपाली निवासी हरी मंदिर जुब्बल के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
डीएसपी रोहडू़ अशोक वर्मा ने दो युवकों की नशीली दवाइयों के साथ जुब्बल पुलिस थाना के तहत गिरफ्तारी की पुष्टी की है। उन्होंने कहा युवकों से पूछताछ चल रही है। यदि किसी व्यक्ति को गांव के आस-पास कोई नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहा तो उसकी गुप्त सूचना पुलिस को दे। उन्होंने कहा पुलिस मामले में तुरंत कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का कारोबार फिर तेज हो रहा है। यहां पर कई युवाओं को नशे में फंसा कर बेरोजगार युवक इस कारोबार को अंजाम दे रहे है। जुब्बल और आसपास के क्षेत्र में पहले से कई मामले पकडे़ जाने के बाद खुलासा हो चुका है कि प्रतिबंधित दवाइयों की खेप उत्तराखंड से होकर क्षेत्र में पहुंचाई जा रही है। इस मामले में भी पुलिस को अहम सुराग हाथ लगने की संभावना है।