ननखड़ी में कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत
पोस्टर्माटम के बाद शव परिजनों को सौंपा, जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ननखड़ी के तहत आने वाले नालाबान में शनिवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ननखड़ी से मिली जानकारी के मुताबिक एक सेंट्रो कार संख्या एचपी 06 ए 1938 में सवार होकर चालक रामपुर से ज्वालडा की ओर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे नालाबान में चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस दी, इसके बाद पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को घटनास्थल से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में मोही राम चौहान (60), पुत्र मोहन लाल गांव दनेवटी, तहसील ननखड़ी को ननखड़ी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि कार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस हादसे की छानबीन में जुटी हुई है।