दलाश (कुल्लू)। पुलिस थाना आनी के तहत बराड़ में शुक्रवार शाम एक चलती कार पर पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से एक जेबीटी शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला और खनेरी अस्पताल रामपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना आनी से मिली जानकारी के मुताबिक मूंगरी प्राथमिक स्कूल के जेबीटी अध्यापक हरिओम पुत्र चमारू राम गांव टोगी दलाश, नगान स्कूल के शिक्षक धर्मपाल पुत्र ज्ञान चंद गांव दलाश और कला अध्यापक शांता देवी पत्नी राजेश कुमार गांव कोठी स्कूल में छुट्टी होने के बाद कार में घर लौट रहे थे। आनी से करीब एक किलोमीटर दूर बराड़ के पास पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर चलती कार एचपी 35-1888 पर आ गिरा। इस हादसे में कार सवार तीनों शिक्षक बुरी तरह से जख्मी हो गए।
कार के पीछे आ रहे दूसरे वाहनों चालकों ने तुरंत तीनों घायल अध्यापकों को सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया। जहां से धर्मपाल को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला, शिक्षिका शांति देवी की रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर कर दिया गया। धर्मपाल को बाद में आईजीएमसी शिमला से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन चंडीगढ़ पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
डीएसपी आनी रोहित मृग पुरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कार हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई है, जबकि दो घायलों का उपचार चल रहा है। धर्मपाल की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस का एक दल चंडीगढ़ रवाना हो गया है। पुलिस हादसे की छानबीन में जुटी है।
उधर, एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से परिजनों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी कर दी गई है।