सड़क हादसे मेें एक की मौत, दो घायल
सगरौठी-टिकरी मार्ग पर शामठा में गिरी बोलेरो कैंपर
एक गंभीर घायल आईजीएमसी शिमला रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा। तहसील के तहत सगरौठी-टिकरी मार्ग पर शामठा में बोलेरो कैंपर दुर्घटनाग्रस्त होने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना बुधवार रात के समय करीब दस बजे घटी।
जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर गाड़ी टिकरी से नेरवा की तरफ आ रही थी। रात को दस बजे के करीब शामठा स्कूल के समीप वह करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने घायलों को नेरवा अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान गंभीर रूप से घायलों में संधीर (36 वर्ष) पुत्र जोगी राम, गांव बजाह डाकघर टिकरी तहसील नेरवा ने अस्पताल पहुंचाने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे गंभीर घायल राजेश (25 वर्षीय) पुत्र लायक राम निवासी आरा डाकघर टिकरी को नेरवा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। तीसरे घायल सुनील (26 वर्षीय) पुत्र पारस राम को प्राथमिक उपचार के बाद नेरवा अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
तहसीलदार नेरवा ऋषभ शर्मा ने प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये व घायल राजेश को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने बताया कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से मानी जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।