कोटखाई (रोहड़ू)। एक ओर जहां वन विभाग अवैध कब्जों को हटाने में व्यस्त है, वहीं विभाग की व्यस्तता का लाभ वन काटू उठा रहे हैं। वन विभाग की नाक के नीचे हिमरी बीट में देवदार के हरे भरे 13 पेड़ों पर वन काटुओं ने कुल्हाड़ी चला दी। डीएफओ सहित वन विभाग के अधिकारी रविवार को दिन भर हिमरी बीट के चरमला जंगल में छानबीन करते रहे। जंगल से वन विभाग को देवदार की 17 फीट लंबी आठ कड़ियां भी बरामद हुई हैं। इससे वन विभाग के शक की सुई अब आसपास के ग्रामीणों की तरफ धूम गई है। अब वन विभाग पास के तीन गांव में सर्च ऑपरेशन चलाएगा।
डीएफओ ठियोग डीके बृज व वन परिक्षेत्र अधिकारी श्याम लाल की अगुवाई में टीम ने हिमरी बीट के चरमला जंगल का दौरा किया। जंगल में चलाए गए तलाशी अभियान में टीम को देवदार की कड़ियां बरामद हुई हैं। कड़ियां 17 फीट लंबी थी, जिसे विशेष रूप से घर की छत में इस्तेमाल किया जाता है। 17 फीट लंबी कड़ियों को क्षेत्र से बाहर ले जाना असंभव है। ऐसे में अब वन विभाग का शक है कि आसपास के ही किसी ग्रामीण ने अपने लाभ के लिए पेड़ों को काटा है। वन विभाग की टीम अब जंगल के पास बसे गांव भड़ेच, झंगरोली, शलोग गांव में सर्च ऑपरेशन चलाएगा। इसके बाद पेड़ कटान के आरोपी का पता चल सकता है।
व्यस्तता का उठाया लाभ : डीके
डीएफओ ठियोग डीके बृज ने बताया कि विभाग की टीम अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम में लगी हुई है। विभाग की व्यस्तता का लाभ उठाकर कुछ लोगों ने पेड़ कटान किया है। विभाग को कुछ कड़ियां जंगल में मिली हैं। अब जंगल के पास बसे गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। पेड़ कटान में शामिल आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जाएगा।