ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस के विशेष जांच दल ने ठियोग हाटकोटी सड़क पर नेपाली मूल के दो लोगों से 2 किलो 38 ग्राम अफीम पकड़ी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक ठियोग हाटकोटी मार्ग पर पुलिस कर्मी गश्त कर रहे थे। दो लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर दोनों को दबोच लिया। जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 2 किलो 38 ग्राम अफीम बरामद हुई। राजू और सत्य धरती निवासी नेपाल के पास से पकड़ी गई अफीम की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी ठियोग कुलविंद्र सिंह ने बताया कि दो नेपाली मूल के लोगों से 2 किलो 38 ग्राम अफीम बरामद की गई है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों से कड़ी पूछताछ कर रही है।