खड़ापत्थर में ट्रक से टकराई
गाड़ी, तीन लोग गंभीर घायल
ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर रविवार शाम हुई सड़क दुर्घटना
प्राथमिक उपचार के बाद घायल आईजीएमसी किए रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहड़ू। खड़ापत्थर में ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर रविवार शाम केयूवी-100 गाड़ी और ट्रक की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल जुब्बल से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे खड़ापत्थर में केयूवी-100 गाड़ी नंबर एचपी 10ए-9073 और ट्रक नंबर एचआर65ए-4737 आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। केयूवी गाड़ी में तीन व्यक्ति सवार थे। तीनों गंभीर रुप से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल जुब्बल लाया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। घायलों की पहचान सुरेंद्र मेहता गांव शरमाली (रोहड़ू), अजय कुमार गांव नरोला (सरकाघाट), ज्ञान सिंह गांव कनोला (शिलाई) के रुप में हुई है। इस संबंध में डीएसपी रोहड़ू अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
बाक्स
शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह रोहड़ू के निजी दौरे पर आ रहे थे। इसी बीच उन्होंने खड़ापत्थर में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा। उन्होंने तुरंत घायलों को अपने पीएसओ व अन्य सहयोगियों की मदद से अपनी गाड़ी में डाला और सिविल अस्पताल जुब्बल पहुंचाया। जहां से उपचार देने के बाद घायलों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।