कोटखाई (रोहड़ू)। गुम्मा बाजार में शनिवार दोपहर एक तीन मंजिला भवन की सबसे ऊपरी मंजिल आग में जलकर राख हो गई। इससे ऊपरी मंजिल के छह कमरे व एक रसोई जल गए। घर में रखा सारा सामान आग में जल गया है। अग्निकांड से करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हुआ। मकान मालिक रोहित चौहान घर से बाहर बाजार की तरफ गया हुआ था। घर पर उसकी मां अकेली थी। रोहित की मां ने घर में एक कमरे से धुआं उठते हुए देखा और मकान से बाहर आकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। जितने में आसपास के लोग मदद के एकत्र हुए तब तक भवन की ऊपरी मंजिल पूरी तरह से आग की लपटों के आ चुकी थी। तीन मंजिला भवन की निचली दो मंजिलों में दुकानें बनी हुई है। जबकि अपर मंजिल में रोहित चौहान अपने परिवार के साथ रहता था। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा तथा आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल वाहन ने निचली दो मंजिलों तथा आसपास के मकानों को तो बचा लिया पर रोहित चौहान के घर को नहीं बचा सका। तहसीलदार कोटखाई विद्याधर नेगी ने मौके पर जाकर प्रभावित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी है। विधायक नरेंद्र बरागटा ने भी घटनास्थल पर जाकर प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को प्रभावितों की पूरी मदद करने के निर्देश दे दिए गए। दुख की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं।