रोहड़ू। खड़ापत्थर के पास चुंजर सड़क पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक महिला की मौत और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को कोटखाई में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। हादसा शुक्रवार शाम के समय करीब साढे़ पांच बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार तहसील कोटखाई के हिमरी गांव निवासी हेम चंद व उसकी पत्नी प्रभा नई कार में खड़ापत्थर से चुंजर की ओर जा रहे थे। बलोखर के पास कार अचानक सड़क से जंगल में लुढ़क गई। सूचना के बाद लोगों ने हादसे में घायल दंपति को उपचार के लिए कोटखाई अस्पताल पहुंचाया। इसकी सूचना खड़ापत्थर पुलिस चौकी में दी गई। कोटखाई अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। शिमला पहुंचने से पहले ही प्रभा ने रास्ते में दाम तोड़ दिया। हादसे में हेम चंद गंभीर रूप से घायल है। सूचना के बाद जुब्बल पुलिस थाने से एएसआई अमर नाथ ने मौके का जायजा लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलने का मामला दर्ज किया है। डीएसपी अशोक वर्मा ने हादसे की पुष्टी की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया।