रोहड़ू। उपमंडल के अंतर्गत खंगटेड़ी में सोमवार रात एक ओल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक शादी समारोह से वापस घर आ रहा था। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10.45 बजे कार कंदरोड़ा गांव से खंगटेड़ी की ओर जा रही थी।
कार में एक मात्र चालक सवार था। इसी बीच खंगटेड़ी गांव के समीप ही कार अचानक 250 मीटर नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को खाई से बाहर निकाला गया। शव की पहचान खंगटेड़ी गांव निवासी बलदेव सिंह (44) पुत्र जानकी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। उधर, डीएसपी रोहड़ू अशोक कुमार वर्मा ने हादसे की पुष्टि की।