नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा पुलिस ने गश्त के दौरान शामठा मार्ग पर एक व्यक्ति को बीस शीशी नशीली प्रतिबंधित दवाई कोरेक्स के साथ पकड़ा है। जानकारी के अनुसार एसएचओ नेरवा प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में एएसआई संजय, कांस्टेबल पवन पांडे, समीर कांत एवं अखिल कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान कांदल कैंची के पास गाड़ी संख्या एचपी 08 ए 4158 की तलाशी लेने पर उसमें से प्रतिबंधित दवाई की 20 शीशियां बरामद की गईं। गाड़ी में मौजूद अब्दुल बारी पुत्र लियाकत अली (35) निवासी गांव तरशाणु (नेरवा) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के साथ मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी चौपाल राज कुमार ने मामले की पुष्टि की है।