रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में पेट्रोल पंप के साथ पुलिस ने एक खंडहरनुमा भवन में ताश खेलते हुए तीन लोगों को धर दबोचा। पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम एएसआई रिकांगपिओ नरेंद्र कुमार कौंडल की अगुवाई में मुख्य आरक्षी प्रवीण कुमार, गोपाल शर्मा और विशाल की टीम नाके पर थी। इसी दौरान पुलिस को किसी ने सूचना दी कि पेट्रोल पंप के पास कुछ लोग ताश खेल रहे हैं। इसी दौरान रिकांगपिओ पुलिस की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंच कर प्रेमलाल नेगी, अच्छर सिंह नेगी और बसंत सिंह नेगी को रंगे हाथ 18 हजार 450 रुपये के साथ ताश खेलते हुए धर दबोचा।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि रिकांगपिओ पुलिस की टीम ने गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।