सांगला (किन्नौर)। जिले के एनएच-5 पर उरनी ढांक के पास पुलिस चौकी कड़छम की टीम ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक से 149 ग्राम चूरा पोस्त और भुक्की बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी कड़छम से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को चौकी प्रभारी नरेंद्र कौंडल, आरक्षी भूपेंद्र डोगरा, पंकज कुमार, निम्माराम और हरिभगत की टीम नाका लगाकर रूटीन जांच कर रही थी। इस दौरान टापरी से आकपा की ओर खाली पेटियां लेकर आ रहे ट्रक संख्या एचपी 63-8220 को पुलिस ने रोका और उसकी तलाशी ली। इस दौरान चालक ने खिड़की की दूसरी ओर से एक सफेद रंग का लिफाफा गाड़ी से सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने जब इस लिफाफे की तलाशी ली तो उसमें से 149 ग्राम भुक्की और चूरा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक आशु शर्मा (26), पुत्र नंदलाल शर्मा, गांव पाउची, डाकघर गलानी, तहसील कुमारसैन जिला शिमला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर एसआर राणा ने की है।