सांगला (किन्नौर)। पुलिस थाना सांगला की टीम ने वीरवार देर शाम को गुप्त सूचना के आधार पर कुप्पा के नजदीक एक निजी परियोजना में कार्य करने वाले कर्मचारी से रूतरंग पुल के पास दो हजार मिली लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
पुलिस थाना सांगला से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम को किसी ने पुलिस को फोन पर गुप्त सूचना दी कि कुप्पा की एक निजी परियोजना में कार्यरत विद्यापाल नेगी (37) निवासी चांसू, तहसील सांगला, जिला किन्नौर शराब लेकर जा रहा है। इसी दौरान पुलिस थाना सांगला से एएसआई सोहन लाल, मुख्य आरक्षी सरजू राम नेगी और आरक्षी रत्न नेगी की टीम मौके के लिए रवाना हुई। रूतरंग पुलिस के समीप पुलिस ने इस व्यक्ति को दो हजार मिलीलीटर कच्ची शराब के साथ दबोच लिया। एसपी किन्नौर एसआर राणा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक्साइज एक्ट 39 ए के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने चेताया कि अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं किया जाएगा।