कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना कुमारसैन के तहत आने वाले सैंज में पुलिस ने 93 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवकों को दबोचा है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और सोमवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को थाना प्रभारी कुमारसैन कृष्ण चंद की अगुवाई में पुलिस ने सैंज में यातायात और अवैध खनन की पकड़ को लेकर नाका लगा रखा था। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गाड़ी नंबर पीबी 01 सी 2532 में शिमला से रामपुर की ओ आ रही है। इसमें बायल गांव के युवक चिट्टा खरीद कर ला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने खेखर के समीप नाका लगाया और नाकाबंदी के समय जब यह कार पहुंची तो पुलिस ने कार को रोका। पुलिस ने कार की तलाशी ली और चालक से पूछा तो चालक ने अपना नाम भूपेंद्र सिंह, पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी लुधियाना, पंजाब बताया। वहीं, अन्य तीन युवकों में केवल राम (35), पुत्र शिव सिंह, सृजन भार्गव रिबू (28), पुत्र धनवीर सिंह और अभिषेक (25) पुत्र रुप सिंह शामिल हैं। ये सभी निरमंड तहसील के गांव बायल के रहने वाले हैं। कार चालक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इन तीनों युवकों ने आईएसबीटी सेक्टर 43 चंडीगढ़ से उबर कंपनी की कैब बुक की थी। इसके बाद वह इन तीनों युवकों को रामपुर छोड़ने आ रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने युवक सृजन से 61 ग्राम और केवल राम से 32 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने दोनों से कुल 93 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तीन युवकों से 93 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों को सोमवार को रामपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।