ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग में पुलिस ने केरला नंबर की एक इनोवा गाड़ी से चिट्टे और चरस की खेप बरामद की है। पुलिस को नाके के दौरान यह सफलता मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक ठियोग पुलिस थाना के सामने शनिवार सुबह नाका लगाया गया था और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान केरला नंबर की एक इनोवा गाड़ी को पुलिस ने तलाशी के लिए रोका। शिमला से ठियोग की ओर आ रही इस इनोवा गाड़ी नंबर केएल 26-03 की तलाशी लेने पर पुलिस ने चिट्टा और चरस बरामद की। पुलिस ने गाड़ी चालक जितेंद्र श्याम, गांव व डाकघर शिलारू, तहसील ठियोग से 1.10 ग्राम चिट्टा और 2.5 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू करके गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
वहीं इस संबंध में डीएसपी ठियोग कुलबिंदर सिंह ने बताया कि नाके के दौरान जब गाड़ी की जांच की गई तो जितेंद्र श्याम से चरस और चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।