व्यापार मंडल ने बाजार में मिनी पुलिस चौकी खोलने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी कस्बे में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। चोर मकानों और कमरों के ताले तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी कर रहे हैं। किरण बाजार में चार दिन के भीतर चोरी की कई घटनाएं सामने आने से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापार मंडल ने बाजार में मिनी पुलिस चौकी खोलने की मांग उठाई है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और गश्त बढ़ाने की अपील की है।
स्थानीय निवासी रूप सिंह ने बताया कि उनके मकान में किराये पर रह रहे एक व्यक्ति के सोने के कांटे चोरी हो गए हैं। इसके अलावा किरण बाजार में चार दिन पहले नेपाल मूल के एक व्यक्ति के 26 हजार रुपये चोरी होने का मामला भी सामने आया था। इसी क्षेत्र में तीन कमरों के ताले टूटे हुए पाए गए हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से लोगों में अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष संदीप सैम ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनके कमरे का ताला तोड़कर मनी बैंक चोरी कर लिया गया था। उसमें रखी नकदी भी चोर ले गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इन घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
इनसेट
पहले भी हो चुकी हैं लाखों के आभूषणों की चोरी
आनी कस्बे में पहले भी चोरी की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। पूर्व में लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले भी सामने आए थे। अब दोबारा चोरी की घटनाएं बढ़ने से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इनसेट
व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद चंदेल ने कहा कि आनी पुलिस थाना बाजार से काफी दूर स्थित है। ऐसे में किसी वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस को मौके तक पहुंचने में समय लग सकता है। उन्होंने बाजार में मिनी पुलिस चौकी खोलने की मांग की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सके और व्यापारियों व स्थानीय लोगों को सुरक्षा मिल सके।
कोट
पुलिस बाजार में बढ़ाएगी गश्त
डीएसपी राजीव मेहता ने बताया कि कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान पुलिस के कई जवानों की ड्यूटी लगी हुई थी। अब आनी कस्बे में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा तथा इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी।