अनियंत्रित होकर सड़क से सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा वाहन, घायल ठियोग अस्पताल में उपचाराधीन
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना देहा के तहत जनोलनाला में वीरवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त होेने से किशोर की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग लाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना देहा से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा वीरवार सुबह करीब 8:00 बजे पेश आया, जब गाड़ी में सवार होकर चालक समेत पांच लोग पत्थर ढोने जा रहे थे। इसी बीच जैसे ही गाड़ी जनोलनाला के पास पहुंची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इससे वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रधान और पुलिस को दी। सूचना मिलते की पुलिस दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घटनास्थल से घायलों को बाहर निकाला। पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर ने बताया कि हादसे में चमन उर्फ दक्ष (16), पुत्र रमेश निवासी चंबल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक और वाहन मालिक नरेश चौहान (38), पुत्र जालम सिंह सहित चार अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्जकर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में किशोर की मौत हो गई है, जबकि पांच अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का उपचार सिविल अस्पताल ठियोग में चल रहा है।