विजेता टीम को मिलेगी 71 हजार की इनामी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के 15/20 क्षेत्र के मिनी स्टेडियम कस्तेन में अशोक मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया है। पहले मुकाबले में यंग ब्लड 15/20 ने कस्तेन को हराकर जीत दर्ज की।
कस्तेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात ओवर में 46 रन बनाए। जवाब में यंग ब्लड टीम ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर समाजसेवी जिया लाल कपाटिया मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति को लेकर अनूठी पहल की गई है। कमेटी के अध्यक्ष सुनील जिष्टू ने बताया कि हर विकेट गिरने पर एक पौधा और हैट्रिक पर पांच पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं में जागरूकता फैलाई जा सके।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 71 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 35 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 2100 रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी, वहीं अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पंचायत स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 48 टीमें भाग ले रही हैं।