दरकाली में चल रही है क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की दरकाली पंचायत के ग्रीन पार्क सटू मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले चल रहे हैं। वीरवार को कुखी, पाट और देवीधार ने मुकाबले जीते। पहला मैच इलेवन स्टार कुखी और रडोली के बीच हुआ। इलेवन स्टार कुखी ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। कुखी टीम ने 83 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रडोली टीम 60 रन पर ढेर हो गई। कुखी ने मैच में 23 रन से जीत दर्जकर अगले दौर में प्रवेश पाया। दूसरा मैच वीके बॉयज पाट और रेड लायन मसारना के मध्य हुआ। मसारना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाट टीम ने पहले खेलते हुए एक विकेट खोकर 136 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम की ओर से बॉबी ने 77 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। मसारना की टीम ने तीन विकेट खोकर 78 रन बनाए। पाट ने अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का तीसरा मैच मैड बॉयज कमलाऊ और खंटू वॉरियर्स देवीधार के मध्य हुआ। यह मैच काफी रोमांचक रहा और देवीदार टीम ने अंतिम दो बाॅल शेष रहते जीत हासिल की। युवक मंडल दरकाली के अध्यक्ष सुनील बदरेल ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 88,888 रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 44,444 रुपये नकद राशि व ट्रॉफी से पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में 32 टीमों को खेलने का मौका दिया गया।