विजेता टीम को 1,71,000 रुपये और ट्रॉफी से किया जाएगा सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी के सदाबहार स्टेडियम में ब्राइट फ्यूचर फाउंडेशन की ओर से ननखड़ी प्रीमियर लीग (एनपीएल) का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर समाजसेवी हरीश मेहता मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे।
एनपीएल में आठ टीमें भाग ले रही हैं। इनके बीच 24 मुकाबले खेले जाएंगे। यह प्रतियोगिता छह दिनों तक चलेगी और 3 मई को इसका समापन होगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,71,000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 85,000 रुपये दिए जाएंगे। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15,000 और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 10,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 7100 रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और गेंदबाज को 3100-3100 रुपये तथा सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और विकेटकीपर को 2500 रुपये की राशि दी जाएगी।
ब्राइट फ्यूचर फाउंडेशन के अध्यक्ष सनी मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।