क्रिकेट संघ किन्नौर ने जारी किया आदेश, पंजीकृत खिलाड़ियों को पालन करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बिना अनुमति के दूसरी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पंजीकृत खिलाड़ियों पर क्रिकेट संघ किन्नौर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा। इसके लिए संघ ने एक आदेश जारी किया है। संघ के मानद सचिव टीसी ठाकुर ने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ पंजीकृत खिलाड़ी गैर अधिकृत क्रिकेट लीग, प्रतियोगिताओं और अन्य खेल गतिविधियों में भाग ले रहे हैं, जो एसोसिएशन के नियमों के विरुद्ध है। इस बारे में स्पष्ट किया जाता है कि संघ के साथ पंजीकृत कोई भी खिलाड़ी बिना पूर्व अनुमति किसी अन्य क्रिकेट लीग, टूर्नामेंट और अन्य खेल गतिविधि में भाग लेते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित खिलाड़ी का संघ के साथ पंजीकरण तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। भविष्य में उसे संघ की किसी भी प्रतियोगिता, चयन प्रक्रिया और गतिविधि में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी खिलाड़ियों, कोचों और संबंधित इकाइयों को निर्देशित किया जाता है कि वे इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें।