नेरवा (रोहड़ू)। कुपवी तहसील के धारचांदना निवासी सेना के जवान अतर राणा की पार्थिव देह सोमवार को उनके पैतृक गांव पहुंची। इस दौरान हजारों लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वहीं
पूरा गांव अतर राणा अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा ने प्रदेश सरकार की ओर से परिजनों को पांच लाख रुपये की राशि का चेक दिया। जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए उपमंडलाधिकारी नरेंद्र चौहान, डीएसपी चौपाल राजकुमार, तहसीलदार कुपवी राजेश कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि भारत-चीन सीमा पर ड्यूटी के दौरान अतर राणा की हादसे में मौत हो गई थी। राणा के भाई रमेश और गीता राम ने उन्हें मुखाग्नि दी। राणा की अंतिम यात्रा में तमाम प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। उधर, चौपाल के पूर्व विधायक डॉ. सुभाष चंद मंगलेट ने भी अतर राणा की मौत पर शोक प्रकट करते हुए उनके परिवार के प्रति सांत्वना प्रकट की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव रजनीश किमटा ने प्रदेश सरकार से मांग की है की राणा के परिजनों को सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये दिए जाएं। वहीं, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाए। अतर राणा के पिता हरि राम और माता फुलमा ने कहा कि अपने बेटे की असामयिक मौत का उन्हें ताउम्र गम तो रहेगा लेकिन इस बात का फख्र भी रहेगा कि उनका बेटा देश सेवा करते हुए देश के काम आया है। शहीद की पार्थिव देह के साथ आए एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि अतर राणा रोज की तरह गश्त पर थे। इस दौरान करीब पांच बजे एक बारूदी सुरंग फटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अतर राणा की शहादत से पूरे चौपाल उपमंडल में शोक का माहौल है।