CPIM leader Rakesh Singha thundered in Nitthar
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के दुराह में सीपीआईएम नेता एवं कुमारसैन-ठियोग विस क्षेत्र के विधायक राकेश सिंघा सरकार की नाकामियों को लेकर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि जिस तरह आज जनता चुनाव के बाद सोचती है कि हमारी मुसीबतें कम होंगी, लेकिन होता इसके उलट है। लोगों की पीड़ा घटती नहीं, बल्कि चुनाव के बाद बढ़ती है।
यह पीड़ा पेयजल से लेकर बिजली की समस्या, रोजगार न दे पाना सहित अन्य ज्वलंत समस्याएं सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
सिंघा ने कहा कि पहले जहां बिजली के 6 लाख मीटर थे, तो कर्मचारी 44 हजार थे। आज बिजली के मीटर 21 लाख हैं, जबकि कर्मचारी 19 हजार हैं। सभी महकमों का निजीकरण हो रहा है। सरकार के पास रोजगार नहीं है। एक पानी छोड़ने वाले कर्मचारी को सरकार रख नहीं सकती। उसे भी आउटसोर्स के माध्यम से रखा जा रहा है।
मैंने विधानसभा में सरकार से जवाब भी मांगा था, लेकिन इनके पास इसका जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बार पंचायतीराज चुनाव में हमें जनता का बहुत समर्थन मिला है। उन्होंने चुनकर आए पंचायत प्रतिनिधियों को कहा कि लोगों की समस्याओं पर काम करें। उनकी समस्याओं को जानें और उन पर काम करें। इस अवसर पर जिला परिषद कुल्लू के चायल वार्ड से सदस्य पूर्ण ठाकुर, लझेरी वार्ड के सदस्य लोकिंद्र, पूर्व जिला परिषद झाकड़ी वार्ड के दलीप कायथ, पंस सदस्य लोट प्रेम ठाकुर, ओम प्रकाश निराला, अंकुश आदि मौजूद रहे।