रोहडू। उपमंडल के तहत आवश्यक सामान की बिक्री करने वाले दुकानदारों के प्रशासन ने कोविड टेस्ट अनिवार्य किए हैं। इसके लिए वीरवार को तहसील मुख्यालय में अलग-अलग स्थानों पर सैंपल लेने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत चिड़गांव बस अड्डा, रोहडू के रामलीला मैदान और जुब्बल के स्टेडियम में सुबह दस बजे से सैंपल लिए जाएंगे।
एसडीएम बीआर शर्मा ने बताया कि कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए सब्जी, मीट, किराना, ढाबा, हलवाई और शराब विक्रेताओं के सैंपल 26 नवंबर को लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग सामाजिक दूरी के साथ अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही कारोबारी अपना कारोबार कर पाएंगे। एसडीएम ने लोगों से आग्रह किया है कि बिना मास्क पहने घर से बाहर न निकलें। सरकार की ओर से कोविड की रोकथाम के लिए जारी किए गए नियमों का पालन करें।