तकलेच-देवठी सड़क पर खराब हुई निगम की बस, चार घंटे परेशानियां झेलते रहे यात्री
. निगम की बस के चक्के हुए जाम, आवाजाही पड़ी ठप
. आए दिन ग्रामीण रूटों पर हांफ रही बसों से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
. चार घंटे बाद हुआ यातायात बहाल, चार पंचायतों के लोगों ने ली राहत की सांस
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के ग्रामीण इलाकों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा बसें लोगों के लिए मुसीबत बन गई हैं। आए दिन ग्रामीण रूटों पर बसें हांफ जाती हैं। इस कारण हजारों ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उपमंडल रामपुर के 12/20 क्षेत्र की चार पंचायतों के ग्रामीणों की वीरवार को परेशानी झेलनी पड़ी। रामपुर से मझाली रूट पर चलने वाली बस संख्या एचपी 06-ए 6151 बस सुबह तकलेच के समीप सेरी के पास बीच खराब होने के बाद बीच सड़क पर खड़ी हो गई। सुबह करीब 10 बजे बस के चारों पहिए जाम हो गए और बस एक ही जगह फंस कर रह गई। तंगहाल सड़क पर पास की सुविधा न होने से सैकड़ों लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। संकीर्ण सड़क के बीच बस फंसने के कारण यहां से आगे कोई वाहन नहीं निकल पाया। ऐसे में चार घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। बस के दोनों ओर सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। वहीं, बस में बैठी सवारियों को भी कई घंटों तक दिक्कतें पेश आईं। क्षेत्र की देवठी, कूहल, काशापाट और मुनीश बाहली के ग्रामीणों को आवाजाही करने में समस्याएं झेलनी पड़ी। इसके बाद मेकेनिक को बुलाया गया। करीब चार घंटे के बाद बस ठीक हुई और सड़क के दोनों ओर फंसे छोटे, बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही शुरू हो पाई।
खटारा बसों को रूट पर भेजा जा रहा
ग्रामीण इलाकों में लगातार निगम की बसें बीच रास्ते में खड़ी हो जाती हैं, जिससे ग्रामीणों में खासा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि निगम प्रबंधन खटारा बसों को ग्रामीण रूटों पर भेज रहा है। इस कारण आए दिन हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। इससे पूर्व भी डंसा, शिंगला और अन्य ग्रामीण इलाकों के लोग भी बस खराब होने से परेशानी झेल चुके हैं। ग्रामीण महेंद्र मेहता, प्रेम चौहान, दिनेश मेहता, सुनील चौहान, विकास, राजीव, सनम, किशोर कुमार, रूप लाल, रामेश्वर सिंह, मोहन लाल सहित अन्य लोगों ने कहा कि रामपुर के ग्रामीण रूटों पर अकसर निगम की बसें खराब हो जाती हैं। ऐसे में दुर्गम क्षेत्र के लोगों को आवाजाही करने में परेशानियां पेश आ रही हैं। उन्होंने परिवहन निगम प्रबंधन से बस सेवाओं में आवश्यक सुधार और बसों की सही मरम्मत करने की मांग उठाई है, ताकि ग्रामीणों को सुचारू बस सेवाओं का लाभ मिल सके।
निगम की बस खराब हुई
9 दिसंबर को रामपुर से सनेई रूट पर चलने वाली बस आधे रास्ते में सुंडा स्टोन क्रशर के समीप तकनीकी खामियों के कारण खड़ी हो गई थी। इसी शाम को रामपुर से सनेई रूट की ही बस सेवा राया शरण कैंची के पास फिर तकनीकी खराबी पेश आने से बीच सडक़ पर खड़ी हो गई थी। ऐसे में दर्जनों यात्रियों को तीन से चार किलोमीटर का पैदल रास्ता तय कर अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। ग्रामीणों ने परिवहन निगम को बदहाल बसों को दुरुस्त करने और बेहतर बस सेवाएं देने की मांग उठाई है। साथ ही चेताया है कि यदि बस खराबी का सिलसिला यूं ही चलता रहा तो निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।
रामपुर-मझाली रूट पर चलने वाली बस सेरी के पास खराब हो गई थी, जिसे ठीक कर दिया गया है।
- स्वरूप दीवान,
अड्डा प्रभारी, परिवहन निगम रामपुर डिपो
तकलेच-देवठी सड़क पर निगम की बस खराब होने से फंसे अन्य वाहन। स्रोत : जागरूक पाठक