चौपाल (रोहडू)। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए चौपाल प्रशासन ने और सख्ती करने का फैसला किया है। अब शादी समारोह में पचास से ज्यादा लोग पाए जाने पर पांच हजार रुपये जुर्माना किया जा रहा है। तीन शादियों में प्रशासन की टीम ने पहुंच कर औचक निरीक्षण किया।
सोमवार रात को एसडीएम चौपाल नरेंद्र चौहान और डीएसपी राज कुमार ने तीन शादी समारोहों का औचक निरीक्षण किया। ग्राम जसोत, ग्राम पंचायत सरांह में चल रही शादी में पचास से अधिक लोग पाए गए। इस दौरान मौके पर ही आयोजक को पांच हजार जुर्माना किया गया। उपमंडलाधिकारी नरेंद्र चौहान ने कहा कि अब शादी समारोह आयोजन, बैठक, सभा, क्रिकेट प्रतियोगिता, सम्मान समारोह आदि के लिए मजिस्ट्रेट से पूर्व अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण में आयोजक के पास अनुमति नहीं पाई गई। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन हुआ है। इसलिए ऐसे लोगों पर जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उल्लंघन करने वालों पर एफआईआर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005, भारतीय दंड संहिता, महामारी अध्यादेश के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट की अनुमति बिना कोई आयोजन नहीं किया जा सकेगा। अनुमति के बाद भी ऐसे आयोजनों में कोरोना गाइडलाइन की पालना करनी होगी अन्यथा आयोजकों पर एक्शन लिया जाएगा।