लालसा पंचायत में ग्रामीणों को जागरूक करते एसडीएम सुरेंद्र मोहन।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। लोगों को लगातार अपने शिकंजे में ले रहे कोरोना वायरस को समाप्त करने के लिए प्रशासन और विभिन्न विभाग एकजुट हो गए हैं। प्रशासन और विभागों ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जागरूक करने का अभियान शुरू कर दिया है। उपमंडल में पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण और नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को विकास खंड रामपुर की लालसा पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने की।
कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी सुरेंद्र मोहन ने ग्रामीणों से कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है। संक्रमण का जब तक कोई पुख्ता इलाज नहीं आ जाता, तब तक केवल सावधानी और सुरक्षा उपायों से ही इससे बचा जा सकता है। उन्होंने संक्रमण के लक्षणों और विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त लोगों को तुरंत अपनी कोरोना जांच करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारी को छुपाएं नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अपना सहयोग दें।
एसडीएम ने कहा कि संक्रमण से निपटने को पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण और नशा निवारण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष तौर पर इस अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी रामपुर अजय बदरेल सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।